पुरानी रंजिश में हमला पीड़ित परिवार ने जान-माल के खतरे की जताई आशंका ,
कुंडा के रैयापुर में लाठी-डंडों से मारपीट, एफआईआर के बाद भी आरोपियों से मिल रही धमकियां,
संवाददाता अवधेश चंद्र पांडेय प्रतापगढ़
कुंडा प्रतापगढ़।कुंडा कोतवाली क्षेत्र रैयापुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर चार लोगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन प्रथम सूचना रिपोर्ट एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने से पीड़ित परिवार ने अपनी जान-माल को गंभीर खतरा बताया है।रैयापुपुर निवासी अजय प्रजापति ने बताया कि बीते बुधवार, 11 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे, पुरानी रंजिश के चलते उनकी बाबू लाल प्रजापति से कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान, गांव के ही रोहित प्रजापति, मोहित प्रजापति (पुत्र पप्पू प्रजापति), विकास प्रजापति (पुत्र लालचंद प्रजापति) और नीरज प्रजापति (पुत्र फूलचंद प्रजापति) ने एकराय होकर अपने हाथों में लाठी-डंडे लेकर अजय प्रजापति पर हमला कर दिया। इस हमले में अजय को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। गांव वालों के शोर मचाने और उन्हें आता देख, चारों हमलावर गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़ित अजय प्रजापति ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उनकी डॉक्टरी जांच कराई गई थी और उन्होंने 12 फरवरी 2026 को कुंडा कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस), 2023 की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (संख्या 0033/2026) दर्ज कराई है।
हालांकि, प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद, पीड़ित अजय प्रजापति ने अपनी और अपने पूरे परिवार की जान-माल को गंभीर खतरा बताया है। उनका कहना है कि आरोपी अभी भी लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर स्थिति की ओर आकर्षित कराते हुए मांग की है कि उक्त आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके और वे सुरक्षित रह सकें। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर तत्काल और प्रभावी ध्यान देने की आवश्यकता है।












