टेली लॉ से मजबूत हो रहा न्याय पर भरोसा, वीएलई बने कानूनी जागरूकता की कड़ी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
दिनांक 18 फरवरी 2026 प्रतापगढ़। आम नागरिकों को निःशुल्क और सुलभ कानूनी परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में टेली लॉ योजना पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों कॉमन सर्विस सेंटर वीएलई की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन शम्भवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राज्य समन्वयक टेली लॉ वागीश सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में राज्य समन्वयक टेली लॉ वागीश सिंह ने बताया कि डिजिटल युग में टेली लॉ गरीबों और जरूरतमंदों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है, जिन्हें घर बैठे कानूनी सहायता उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि टेली लॉ योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने की दिशा में एक भरोसेमंद माध्यम बन चुकी है। प्रारंभिक कानूनी सलाह मिलने से नागरिक अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ पा रहे हैं और कई मामलों में विवाद अदालत तक पहुंचने से पहले ही सुलझ रहे हैं। उन्होंने वीएलई को टेली लॉ का सबसे मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका से ग्रामीण और वंचित वर्ग को समय पर कानूनी मार्गदर्शन मिल रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन शम्भवी ने कहा कि यह योजना आम जनमानस के लिए अत्यंत उपयोगी है, जो लोगों को उनके अधिकारों की रक्षा करने और न्याय को सुलभ बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने 22 फरवरी को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित मेगा कैंप के बारे में बताया। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर उपस्थित वीएलई और प्रतिभागियों को न्याय, समानता और विधि के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में सीएससी सीनियर मैनेजर योगेश मिश्रा ने उपस्थित वीएलई को फॉर्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, आईआरसीटीसी सहित कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और उनके प्रश्नों का समाधान किया।
जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित












