डीएम ने बोर्ड परीक्षा हेतु बनाये गये कन्ट्रोल रूम/मानीटरिंग सेल का किया औचक निरीक्षण,सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिये सख्त निर्देश
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
दिनांक 18 फरवरी 2026 प्रतापगढ़। जनपद में आज से प्रारंभ हुई हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के पहले ही दिन जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम/मॉनिटरिंग सेल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित 13 कंप्यूटर सेटों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा केंद्रों की लाइव सीसीटीवी फुटेज देखी। कई केंद्रों पर कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए, लेकिन कुछ विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे ठीक से कार्य नहीं कर रहे थे। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल सभी कैमरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर उपस्थित जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि परीक्षा की निगरानी में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन विद्यालयों के सीसीटीवी कैमरे समय से ठीक नहीं कराए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर आगामी बोर्ड परीक्षाओं में संबंधित विद्यालयों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, वे समय से उपस्थित होकर लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की उपस्थिति पाए जाने पर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कक्ष में उपस्थित परीक्षार्थियों की वास्तविक उपस्थिति का सीसीटीवी फुटेज से मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि वे स्वयं भी क्षेत्र भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहें और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की समय-समय पर निगरानी करते रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के बीच समन्वय बनाकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया जाए। उल्लेखनीय है कि जनपद में बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न होंगी। जिले में कुल 166 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 1,02,983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित












