एटा संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित काशीराम आवासीय कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 30 वर्षीय महिला अचानक घर की चौथी मंजिल से नीचे नाले में गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन आनन-फानन में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान मीना (30) पत्नी सत्यवीर के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ काशीराम आवासीय कॉलोनी में रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर की चौथी मंजिल पर मौजूद थी। इसी दौरान वह अचानक नीचे नाले में गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला को गंभीर हालत में देखकर तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया।
मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला का पैर फिसलकर गिरा या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से कॉलोनी में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
ये भी पढ़ें एटा शीतला माता के पूजन को उमड़ी श्रद्धालुओं की हजारों की भीड़, पुलिस व्यवस्था रही नदारद












