एटा शीतला माता के पूजन को उमड़ी श्रद्धालुओं की हजारों की भीड़, पुलिस व्यवस्था रही नदारद
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। होली के पावन पर्व के बाद सनातन परंपरा के अनुसार शीतला माता की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि शीतला माता चर्म रोग और मौसमी बीमारियों से रक्षा करती हैं, इसलिए भक्त सूर्योदय से पहले माता का पूजन करते हैं।
सोमवार को अष्टमी से पूर्व बासौड़ा/शीतलाष्टमी पूजन के चलते शहर के होली गेट स्थित शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के करीब तीन बजे से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। यह कतार बली मोहम्मद चौराहे से लेकर शीतला माता मंदिर तक पहुंच गई।
हैरानी की बात यह रही कि शहर के संवेदनशील इलाके में स्थित इस मंदिर पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को देर तक नहीं मिल सकी। परिणामस्वरूप सुबह तक मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई पुलिस व्यवस्था नजर नहीं आई। ऐसे में स्थानीय श्रद्धालुओं को ही व्यवस्था संभालनी पड़ी।
माता के दर्शन के लिए महिला श्रद्धालुओं में पहले दर्शन करने को लेकर कई बार धक्का-मुक्की और नोंकझोंक की स्थिति भी बनी रही, लेकिन मौके पर पुलिस प्रबंधन पूरी तरह नदारद रहा।
बताया जाता है कि शीतला माता का यह मंदिर समुदाय विशेष बहुल इलाके में स्थित है, जहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को संकरी गलियों से होकर गुजरना पड़ता है। होली के बाद यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन इस बार पुलिस प्रशासन की तैयारी नाकाफी दिखाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जबकि श्रद्धालुओं की भीड़ तड़के तीन बजे से ही मंदिर परिसर में जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर प्रबंधन के अनुसार अगले दो दिनों तक भी इसी तरह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या, सिर में मारी गोली












