मैंगो शेक पीने से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार
जिला संवाददाता काव्यांश रावत



खाद्य सुरक्षा विभाग ने की सैंपलिंग
जनपद एटा में मैंगो शेक पीने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है।
घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांधी मार्केट स्थित आशु मैंगो शेक कार्नर से मैंगो शेक पीने के बाद परिवार के चारों सदस्य बीमार पड़ गए।
तबीयत बिगड़ने पर सभी को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां एक साथ चार मरीजों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉक्टर चमन लाल के निर्देश पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मैंगो शेक के सैंपल लिए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मैंगो शेक बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर के पास FSSAI का लाइसेंस नहीं था, जो नियमों का उल्लंघन है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पूरा मामला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गांधी मार्केट स्थित आशु मैंगो शेक कार्नर से जुड़ा हुआ है, जहां इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।












