दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, शानू मिश्रा की मौत, चार घायल जिला अस्पताल रेफर
संवाददाता बृजेश शर्मा 
प्रतापगढ़ जनपद के बाघराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में शानू मिश्रा (22 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शानू मिश्रा पुत्र सोनू मिश्रा, निवासी सरायनहर, जेठवारा के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में आशीष मिश्रा पुत्र चन्द्रशेखर मिश्रा, निवासी सरायनहर, जेठवारा, तथा शिवम, विकास और सुभाष निवासी जलालपुर, बाघराय घायल हो गए। सूचना मिलते ही बाघराय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सीएचसी बाघराय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।j
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, जिससे दोनों मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर हो गई।












