पट्टी क्षेत्र के गड़ौरी गांव के लाल चंद्र प्रकाश मिश्रा बने डीएसपी, क्षेत्र में जश्न का माहौल।।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से सेवा दे रहे निरीक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्ष 1998 बैच के 123 इंस्पेक्टरों को पदोन्नत कर डिप्टी एसपी (सीओ) बनाया गया है। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक 24 मार्च को हुई, जिसके बाद 31 मार्च को पदोन्नति के आदेश जारी किए गए। इन्हीं पदोन्नत अधिकारियों में पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गड़ौरी गांव निवासी चंद्र प्रकाश मिश्रा (सीपी भैया) का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। वर्तमान में लखनऊ में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात रहे मिश्रा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। जैसे ही उनके डीएसपी बनने की खबर गांव पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चंद्र प्रकाश मिश्रा ने अपने कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार कार्यशैली से न केवल विभाग में पहचान बनाई, बल्कि क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। उनकी सफलता से युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। इस पदोन्नति सूची में नागरिक पुलिस के 109 तथा प्रतिसार निरीक्षक, कंपनी कमांडर और ट्रैफिक पुलिस के 14 अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, इस दौरान एक भावुक पहलू भी सामने आया। चार निरीक्षकों कृष्ण कुमार मिश्रा, विनोद कुमार पायल, देवी चरण और सुशील कुमार को उसी दिन डीएसपी बनाया गया, जिस दिन वे सेवानिवृत्त हो गए। उन्हें सम्मान तो मिला, लेकिन नए पद पर कार्य करने का अवसर नहीं मिल सका।
प्रेरणा की मिसाल।। चंद्र प्रकाश मिश्रा की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे पट्टी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत और ईमानदारी से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।।












