ई-रिक्शा, ऑटो चालकों के साथ कोतवाल ने की सख्ती
संवाददाता प्रतापगढ़, कुंडा: सोमवार को कुंडा कोतवाली परिसर में क्षेत्र के ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कुंडा कोतवाल अवन कुमार दीक्षित ने की। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और बढ़ते अव्यवस्थाओं को रोकने को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
कोतवाल दीक्षित ने चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि –
- सड़क पर सवारी बैठाने और उतारने के अलावा कोई भी ई-रिक्शा या ऑटो बेवजह खड़ा नहीं होगा।
- नशे की हालत में वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- नाबालिग किसी भी सूरत में ई-रिक्शा या ऑटो नहीं चलाएगा। ऐसा करने पर वाहन सीज कर दिया जाएगा और अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
- सभी चालकों के पास वाहन के वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। दस्तावेज न होने पर वाहन जब्त कर लिया जाएगा।
इस बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों ई-रिक्शा व ऑटो चालक उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य न सिर्फ नियमों की जानकारी देना था, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना भी था।
इस मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर संजय सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज अंकित सिंह तथा एसआई राहुल सिंह भी मौजूद रहे। तीनों अधिकारियों ने भी चालकों को शांति, अनुशासन और नियमों का पालन करने की अपील की।
ये भी पढ़ें Etah: कार और बाइक की जबरदस्त टक्कर, तीन घायल – दो की हालत नाजुक












