विदाई समारोह: ग्राम न्यायालय के न्याय अधिकारी आदेश कुमार श्रीवास्तव को दी गई भावभीनी विदाई
संवाददाता आयुष मिश्र करछना, प्रयागराज।
स्थानीय ग्राम न्यायालय परिसर में न्याय अधिकारी श्री आदेश कुमार श्रीवास्तव के स्थानांतरण पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन और न्यायिक जगत से जुड़े लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। समारोह को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन करछना के महामंत्री शिवेंद्र सिंह ‘प्रिंस’ ने जज महोदय द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री आदेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल के दौरान निष्पक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह क्षेत्र के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सरल स्वभाव और अधिवक्ताओं व फरियादियों के प्रति सम्मान का भाव उन्हें एक आदर्श अधिकारी की श्रेणी में खड़ा करता है। विदाई की इस बेला पर उपस्थित लोगों ने भारी मन से उन्हें विदा किया और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे अपने नए पद पर भी इसी तरह सफलता और प्रगति के नए आयाम स्थापित करें। वक्ताओं ने कहा कि एक कुशल न्यायविद के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
इस दौरान बार एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने जज महोदय को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












