खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेतों में पड़ा मिला। घटना नगला धम्पी जाने वाले मार्ग की बताई जा रही है, जहां सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने कुछ नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक की साजिश के तहत हत्या की गई है। वहीं पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने शराब पी रखी थी और उसका दूसरे पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद घटना होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।












