विश्व मलेरिया दिवस पर जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान,छात्र बनेंगे ‘मलेरिया वॉरियर्स’ मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा
गौतमबुद्धनगर 23 अप्रैल, 2026मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने बताया कि 25 अप्रैल 2026 को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद में मलेरिया के प्रति जागरूकता एवं रोकथाम हेतु व्यापक अभियान संचालित किया जाएगा। वर्ष 2026 के वैश्विक अभियान का मुख्य संदेश “Driven to End Malaria: Now We Can, Now We Must” (मलेरिया को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा) रखा गया है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा पंचायतीराज विभाग के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण मिलकर स्कूलों एवं विभिन्न नागरिक समूहों के माध्यम से जनसहयोग प्राप्त करेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को मलेरिया के लक्षणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सभी विद्यार्थी ‘मलेरिया वॉरियर्स’ के रूप में शपथ लेंगे, कि वे अपने घर और आस-पड़ोस में मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता रैलियों का आयोजन कर स्थानीय नागरिकों को जलभराव रोकने एवं स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों में पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में नगर पंचायत, नगर पालिका, नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण द्वारा शपथ कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गोष्ठियों, रैलियों एवं मलिन बस्तियों में विशेष प्रचार-प्रसार के माध्यम से मलेरिया से बचाव हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जाएगा।गौतमबुद्धनगर।












