लखनऊ में युवती की हत्या का खुलासा: बॉयफ्रेंड ने जलन में ली जान, सगाई के 4 दिन बाद मिला शव

लखनऊ में युवती की हत्या का खुलासा: बॉयफ्रेंड ने जलन में ली जान, सगाई के 4 दिन बाद मिला शव

डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान 

लखनऊ में 22 वर्षीय युवती शिवानी सिंह की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने युवती के बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने जलन और शक के चलते शिवानी की हत्या की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले रबर की पाइप से गला घोंटा, फिर सीमेंट की ईंट से सिर कूचकर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की है।

मृतका शिवानी सिंह एल्डिको उद्यान, रक्षा खंड में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसके पिता दीपू शटरिंग का काम करते हैं, जबकि मां गीता घरों में काम करती हैं। शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी में चैनल पार्टनर के रूप में कार्यरत थी।

परिजनों ने बताया कि 14 मई को उसकी सगाई प्रकाश नाम के युवक से हुई थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। 17 मई की सुबह शिवानी घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। तलाश के बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा, जहां उन्हें एक युवती का शव मिलने की जानकारी दी गई। तस्वीर देखकर मां ने शव की पहचान शिवानी के रूप में की।

जांच के दौरान परिवार ने घर के पास रहने वाले प्रेम कुमार मांझी पर शक जताया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी प्रेम ने बताया कि उसकी शिवानी से 7-8 साल पुरानी दोस्ती थी। पिछले कुछ महीनों से शिवानी अपने ऑफिस के सहकर्मी मनीष के साथ ज्यादा समय बिताने लगी थी, जिससे वह नाराज था। उसने बताया कि इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।

आरोपी रविवार रात शिवानी को बाइक से उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल की ओर ले गया। वहां उसने वाटर लेवलिंग में इस्तेमाल होने वाली रबर पाइप से गला घोंट दिया। बाद में शव को झाड़ियों में ले जाकर ईंट से सिर कूच दिया। पुलिस से बचने के लिए उसने शिवानी का मोबाइल तेलीबाग नहर में फेंक दिया।

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल सीमेंट की ईंट बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें एटा में सट्टेबाजी पर पुलिस की कार्रवाई, अलीगंज थाना पुलिस ने आरोपी को नकदी व पर्ची सहित दबोचा

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें