कानपुर देहात में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के ₹2,000 नकद और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई रूरा थाना पुलिस ने की। रूरा थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर निवासी अनूप कुमार शर्मा ने 24 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 को तीन मोटरसाइकिल सवार चोरों ने उनकी दुकान रामजी इलेक्ट्रॉनिक से ₹20,000 की बिक्री राशि चुरा ली थी। भागते समय जनता ने एक चोर अखिलेश उर्फ छोटू पुत्र राजू गौतम को पकड़ लिया था। इस शिकायत के आधार पर रूरा थाने में मु0अ0सं0 155/2026 धारा 305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अखिलेश उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद, 24 मई 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक विनोद कुमार, आरक्षी शिवम और आरक्षी सुरेश कुमार की टीम ने दूसरे अभियुक्त सोनू उर्फ भोला पुत्र बलराम राजपूत को रूरा-झींझक नहर सड़क पर गदनपुर श्मशानघाट के पास से पकड़ा। सोनू उर्फ भोला के पास से चोरी के ₹2,000 नकद और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर तीसरे अभियुक्त मुकेश पुत्र राजेश निवासी कढ़री थाना शिवली का नाम भी सामने आया है। थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।












