प्रतापगढ़।रूपापुर उपकेंद्र पर गिरी आकाशीय बिजली, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ में तेज आंधी-बारिश के बीच रूपापुर विद्युत उपकेंद्र पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा तकनीकी नुकसान हुआ। बिजली गिरने से उपकेंद्र का करंट ट्रांसफार्मर जल गया तथा 33 केवी लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली संकट के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में घंटों तक बिजली न रहने से आमजन बेहाल रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिशाषी अभियंता रामाश्रय चौरसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया। सहायक अभियंता मीटर अमित गुप्ता, जेई शैलेन्द्र कुमार, जेई मीटर शैलेंद्र कुमार, अमर यादव सहित अन्य विद्युत कर्मी आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त उपकरणों को ठीक कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।












