न्याय पंचायत कंधई मधुपुर में रात्रिकालीन चौपाल, खंड विकास अधिकारी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

न्याय पंचायत कंधई मधुपुर में रात्रिकालीन चौपाल, खंड विकास अधिकारी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।

संवाददाता विनय कुमार मिश्रा

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़। के मंगरौरा ब्लॉक में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से गुरुवार की रात मंगरौरा विकासखंड क्षेत्र के मधुपुर गांव स्थित पंचायत भवन में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी राजीव पांडेय ने की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने राशन वितरण, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, नाली, खरंजा निर्माण, पेयजल और बिजली व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। कई ग्रामीणों ने बताया कि पात्र होने के बावजूद उन्हें वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नाम शामिल न होने और सत्यापन में हो रही देरी की समस्या उठाई।

खंड विकास अधिकारी राजीव पांडेय ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों की जांच कर उन्हें शीघ्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में संकोच न करें, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जा सके।

चौपाल के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी तथा उन्हें सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (ग्राम) सिद्धार्थ कुमार सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी समरजीत भारती, एडीओ संजय सिंह पटेल, विजय राज, लेखपाल ऐनुल हसन, शिव कुमार मिश्र, आशीष कुमार, मीरा पाल, शकुंतला देवी, मनोज शुक्ला, श्यामलाल, पंचायत सहायक मार्शल देवी ऊमार्शल देवी, सरफराज अंसारी, सर्वेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि चौपाल में उठाए गए मुद्दों का जल्द समाधान होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

ये भी पढ़ें पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में परेड का निरीक्षण, ड्रोन से हुई निगरानी 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें