अनधिकृत बसों पर कासगंज में बड़ी कार्रवाई, संयुक्त अभियान में तीन बसें सीज, छह के चालान
कासगंज। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से
मंडल संवाददाता अमित चौहान


परिवहन विभाग और रोडवेज प्रशासन द्वारा अनधिकृत बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एआरटीओ कासगंज और एआरएम कासगंज की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक छह बसों के चालान किए हैं।
संयुक्त जांच के दौरान तीन बसों को बिना वैध परमिट और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाए जाने पर उन्हें सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बसों में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से रोडवेज बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर अनधिकृत वाहनों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल नियमित और अधिकृत बसों से ही यात्रा करें, ताकि सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों के अनुसार, अनधिकृत वाहनों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकता है।












