थाने से 200 मीटर दूर घर में नकब लगाकर 10 लाख की चोरी !
पुलिस गश्त पर उठे सवाल, गांव के ही कुछ संदिग्धों पर चोरी का शक
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य बिंदकी, फतेहपुर । जाफरगंज कस्बे में थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर बीती रात चोरों ने नकब लगाकर घर में घुसकर 10 लाख रुपये के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद पार कर पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी। घटना से कस्बे में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि जाफरगंज कस्बा निवासी अखिलेश कुमार अपनी पत्नी सोनी देवी और तीन वर्षीय पुत्री श्रेया के साथ बस्ती के बाहर बने निजी मकान में रहते हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात चोरों ने घर के पीछे की दीवार काटकर नकब लगाई और अंदर घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी और पीतल के बर्तन चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई। पीड़िता सोनी देवी ने थाने में दी तहरीर में गांव के ही कुछ लोगों पर चोरी की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि रात में भोजन के बाद वह अपनी बेटी और पति के साथ बरामदे में सो गई थीं।
जबकि उनका भाई और देशी शराब की दुकान का सेल्समैन छत पर सो रहे थे। रात में चोरों ने दीवार काटकर घर में घुसते हुए अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद और कीमती बर्तन पार कर दिए। घटना के बाद पीड़िता और उसकी सास का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़िता ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर माल बरामद करने की गुहार लगाई है। वहीं थाने से करीब होने के बावजूद चोरी की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें फतेहपुर: धान रोपाई कर लौट रही महिला को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत












