प्रतापगढ़: बिहार ब्लॉक की उमरा पट्टी गौशाला में बदहाल व्यवस्था, रोजाना 5-6 गायों की मौत
संवाददाता प्रतापगढ़, कुण्डा: तहसील कुण्डा के अंतर्गत बिहार ब्लॉक की उमरा पट्टी स्थित गौशाला में पशुओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गौशाला में हर दिन 5 से 6 गायों की मौत हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि मृत गायों को गौशाला के पीछे खुले में फेंका जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी देवेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि गौशाला में न तो चारे की समुचित व्यवस्था है और न ही बीमार गायों के इलाज की। गायें भूख और बीमारी के कारण दम तोड़ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

देवेन्द्र कुमार यादव ने प्रशासन से मांग की है कि गौशाला की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही पशुओं के लिए भोजन, पानी और चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। यह मामला पशु कल्याण के साथ-साथ जनस्वास्थ्य का भी गंभीर विषय बनता जा रहा है।
ये भी पढ़ें फतेहपुर में पशु रोग निवारण अभियान की शुरुआत












