एक बोतल दारू पर पुलिस को साधने का दावा, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
जिला संवाददाता अमित शुक्ला कुंडा (प्रतापगढ़)। महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ ग्राम सभा के एक युवक का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 3 मिनट 10 सेकेंड के इस ऑडियो में युवक फोन पर बातचीत के दौरान पुलिस को लेकर गंभीर दावे करता सुनाई दे रहा है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दैनिक चक्र न्यूज़ इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो में युवक कथित तौर पर कहता सुनाई दे रहा है कि उसने “एक बोतल दारू” देकर पुलिस को साध लिया। बातचीत के दौरान वह कहता है कि, “एक बोतल दारू मंगाया था, चार लोग आए थे, एसओ साहब… दे दिया, जाओ मौज करो।” साथ ही वह यह दावा भी करता है कि उसके मामले में पुलिस ने गंभीर धाराएं नहीं लगाईं।
ऑडियो में युवक अपने पास दो पिस्टल और नौ-नौ राउंड कारतूस होने का भी दावा करता सुनाई दे रहा है। वह कथित रूप से कहता है कि वह अकेले हाईवे पर हथियार लेकर घूम रहा है और एक व्यक्ति को मारने की धमकी भी देता है। बातचीत के दौरान दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति उसे बार-बार सोने की बात करता सुनाई देता है।
वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, अभी तक ऑडियो की सत्यता की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ऑडियो वास्तविक है, एडिट किया गया है या फिर किसी व्यक्ति द्वारा रौब जमाने के उद्देश्य से इस प्रकार के दावे किए जा रहे हैं। यदि मामले की जांच होती है, तो उसके बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
नोट: यह समाचार सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो के आधार पर तैयार किया गया है। दैनिक चक्र न्यूज़ ऑडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें दिवंगत चालक के परिवार के सहारे बना ड्राइवर महासंघ, ₹22 हजार की आर्थिक सहायता सौंपी












