इंदौर के जवाहर मार्ग पर 2 किलोमीटर लंबा जाम, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

इंदौर के जवाहर मार्ग पर 2 किलोमीटर लंबा जाम, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

संवाददाता संतोष यादव
इंदौर। इंदौर के जवाहर मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब 2 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आने वाले वार-त्योहारों को देखते हुए प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जवाहर मार्ग पर लगी लंबी वाहनों की कतार ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जाम के दौरान मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कोई प्रशासनिक या यातायात अधिकारी नजर नहीं आया। इसके चलते स्थिति और बिगड़ती गई। सबसे गंभीर स्थिति उस समय बनी जब जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला जा सका।

जवाहर मार्ग जैसे व्यस्त क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात बाधित रहने से लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को पहले से पर्याप्त यातायात व्यवस्था करनी चाहिए।

इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुका है, लेकिन शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर सामने आई यह तस्वीर प्रशासन के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें