एटा में भीषण सड़क हादसा
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, बस चालक की मौत, डेढ़ दर्जन यात्री घायल
एटा। जनपद एटा में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र के गिरोरा गांव के पास रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री बस में फंस गए। जानकारी के अनुसार, रुहेलखण्ड डिपो की बस आगरा से बरेली जा रही थी। जैसे ही बस गिरोरा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्री घायल हो गए, वहीं ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं मृतक बस चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।












