जनपद एटा में डंपर और रोडवेज बस में भीषण भिड़ंत
संवाददाता – योगेन्द्र सिंह,
आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल, एक की हालत नाजुक — हायर सेंटर रेफर
सकरोली थाना क्षेत्र के जरानी कला गांव के
पास हुआ हादसा
एटा। जनपद के सकरोली थाना क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज़ रफ्तार डंपर और हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस आमने-सामने भिड़ गए। यह भीषण टक्कर गांव जरानी कला के पास जी.टी. रोड पर हुई। भिड़ंत इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस टूंडला की तरफ से एटा आ रही थी, तभी सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क के किनारे जाकर रुक गई, जबकि डंपर कुछ दूरी पर पलटने से बाल-बाल बचा। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सकरोली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज एटा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि एक यात्री की हालत काफी गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है।घटना के बाद जी.टी. रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। हादसे की वजह प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाया जाए, क्योंकि इस क्षेत्र में अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं।












