एटा में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव दौलतपुर में एक 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक, दौलतपुर निवासी गंगासरण का पुत्र दुर्वेश शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अचानक बीमार पड़ गया। परिजन घबराकर उसे एक निजी वाहन से एटा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दुर्वेश को मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को गांव वापस ले गए। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।












