कंगारुओं के आगे ढेर हुई टीम इंडिया, मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से हराया
रिपोर्टर: राज भूषण वर्मा
मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया): दूसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। टीम इंडिया पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और आठ गेंद पहले ही ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाज एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आए।
अभिषेक शर्मा की पारी रही एकमात्र चमक
टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऑलराउंडर हर्षित राणा ने 33 गेंदों में 35 रन की पारी खेली और अभिषेक के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। इसी जोड़ी ने भारत को 100 रन के आंकड़े तक पहुंचाया।
हालांकि, बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। भारत के नौ बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
हेजलवुड ने मचाया कहर
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपनी गेंदों से भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बरपाया। उन्होंने 4 ओवर में 15 डॉट गेंदें फेंकी और पिच से शानदार मूवमेंट हासिल किया। जेवियर बार्टलेट और नाथन एलिस ने भी दो-दो विकेट झटके।
खचाखच भरे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस हार गए। इसके बाद टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए।
सारे दिग्गज ढेर
शुभमन गिल (5), संजू सैमसन (2), सूर्यकुमार यादव (1), तिलक वर्मा (0), अक्षर पटेल (7), और शिवम दुबे (5) — सभी बल्लेबाज जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए।
सीरीज का तीसरा मुकाबला 2 नवंबर को
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच 2 नवंबर को होबार्ट में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 1:45 बजे से शुरू होगा।













