26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली ‘दीक्षांत परेड’ के उपलक्ष्य में प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में भव्य ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
जनपद प्रतापगढ़ में आरक्षी पुलिस सीधी भर्ती वर्ष 2025-26 बैच के प्रशिक्षु आरक्षियों का आधारभूत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। इसी क्रम में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन्स, प्रतापगढ़ में आयोजित होने वाली मुख्य ‘दीक्षांत परेड’ (Passing Out Parade) के सफल एवं भव्य आयोजन के दृष्टिगत, आज दिनांक 24.04.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर ग्रैंड रिहर्सल पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न हुआ। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। साथ ही आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिससे मुख्य समारोह को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात उन्होंने परेड का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों के टर्न-आउट, कदमताल एवं ड्रिल के उच्च स्तर को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा परेड के त्रुटिहीन संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यों के प्रति अटूट निष्ठा एवं भारतीय संविधान के प्रति सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन युवा आरक्षियों में देश सेवा के प्रति उत्साह एवं दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न विधाओं (इंडोर एवं आउटडोर) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा “पुलिस बल में अनुशासन ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। कठिन प्रशिक्षण के दौरान आपने जो भी कौशल और बारीकियां सीखी हैं, अब उन्हें जमीनी स्तर पर जनसेवा में लागू करने का समय है। जनता के प्रति संवेदनशीलता और अपराधियों के प्रति कठोरता ही एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है।” उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।












