जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है,
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
जहां पैसों के विवाद ने एक बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही जन्मदाता पर जानलेवा हमला कर दिया। कलयुगी बेटे ने फावड़े से बुजुर्ग पिता पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में पड़े बुजुर्ग को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुजुर्ग किसान ने हाल ही में अपनी फसल बेची थी। छोटे बेटे ने फसल के पैसों की मांग की, लेकिन पिता द्वारा पैसे देने से मना करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने पहले गाली-गलौज की और फिर फावड़े से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना से गांव सिरसारी में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और लोग इसे कलयुग की क्रूरता का उदाहरण बता रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के सिरसारी गांव का है।












