सैफई रोडवेज बस स्टैंड पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगी गोली, इलाके में दहशत
संवाद दाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी
सैफई में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रोडवेज बस स्टैंड पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। रोजमर्रा की चहल-पहल के बीच अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी, जिससे यात्रियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुराने आपसी विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए तमंचे से सीधा फायर झोंक दिया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से बस स्टैंड और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।












