घने कोहरे में अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार, नाले में गिरी — चालक बाल-बाल बचा
संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान
आगरा जनपद के फतेहाबाद क्षेत्र में घने कोहरे और तेज रफ्तार का खामियाजा एक कार चालक को भुगतना पड़ा। बाह रोड बाईपास स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के पास देर रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे की जानकारी सुबह उस समय हुई जब ग्रामीणों ने नाले में एक कार को पलटा हुआ देखा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद सदर बाजार निवासी फौजी चंद्रकेश उर्फ बिल्लू पुत्र गोरेलाल अपनी कार संख्या UP80 HP 1262 से घर लौट रहे थे। घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते चालक रास्ता भटक गया और कार सीधे नाले में जा गिरी।
हादसे के बाद चालक फौजी चंद्रकेश ने किसी तरह अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि वह कार को नाले में छोड़कर मौके से फरार हो गए। सुबह आसपास के ग्रामीणों और पड़ोसियों ने कार को पहचानते हुए बताया कि यह वाहन फौजी चंद्रकेश उर्फ बिल्लू का है।
घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, यह हादसा एक बार फिर घने कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की चेतावनी देता है। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें सड़क हादसे में घायलों को मिलेगा 1.5 लाख तक का फ्री इलाज












