यूपी में मौसम का कहर: मथुरा में बारिश-ओलावृष्टि, 35 जिलों में घना कोहरा, 24 घंटे में 9.5 डिग्री गिरा तापमान
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह-सुबह मथुरा में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। गाजियाबाद और नोएडा में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई। बर्फीली हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
प्रदेश के अयोध्या, झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, मेरठ सहित करीब 35 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में अचानक 9.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। जनवरी की ठंड ने काशी में 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 17 जनवरी 2003 को अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज हुआ था।
प्रदेश के 33 जिलों में कोल्ड-डे जैसे हालात बने हुए हैं। कोल्ड-डे की स्थिति में दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस या उससे कम और सामान्य से 4 से 6 डिग्री कम हो जाता है।
शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में अलीगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मेरठ में पारा 4.3 डिग्री, रायबरेली में 4.4 डिग्री, जबकि बरेली, बाराबंकी और बिजनौर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कड़ाके की ठंड और कोहरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। लखनऊ, कौशांबी और मेरठ में कक्षा 8 तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद हैं, जबकि अन्य कक्षाएं सुबह 10 बजे से संचालित होंगी। शाहजहांपुर में 12वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। मथुरा, प्रयागराज, बरेली, अंबेडकरनगर, कन्नौज और चंदौली में भी 10 जनवरी तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत न मिलने की संभावना जताई है, वहीं प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
ये भी पढ़ें गुलावठी में साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया












