बाजार जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल: एटा में सड़क पर गिरकर हुआ लहूलुहान, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गड़नपुर गांव में शुक्रवार को एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गड़नपुर गांव निवासी 23 वर्षीय जीतू पुत्र साहूकार शुक्रवार को अपनी बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जीतू सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया। एंबुलेंस कर्मी ईएमटी राहुल कुमार और पायलट देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।












