गाड़ी हटाने को लेकर बवाल: अगौनापुर में परिवार पर हमला, पांच नामजद समेत 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के अगौनापुर गांव में बुधवार रात गाड़ी हटाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार पर हमला कर दिया गया। इस मारपीट में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता अनुजा मिश्रा ने बताया कि वह अपने पति राघव मिश्रा, बहन और बहनोई के साथ गांव जाजलपुर से संकिसा में एक शादी समारोह में जा रही थीं। रास्ते में अगौनापुर गांव के पास एक वैगनआर गाड़ी सड़क पर खड़ी मिली। जब उन्होंने गाड़ी हटाने के लिए कहा तो वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अगौनापुर गांव के बंटी पुत्र दिवारी लाल, अंशु पुत्र अनिल, पंकज पुत्र अरुण, धर्मवीर पुत्र बृजराज सिंह, विशाल सहित 12 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पति और बहनोई के साथ मारपीट की, जिसमें दोनों घायल हो गए। झगड़े के दौरान पीड़िता का हार और पति की सोने की चेन भी गिर गई। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
अलीगंज थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।












