एटा में हादसा: बाइक फिसलने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पत्नी-बेटा गंभीर रूप से घायल
जलेसर के खेरिया मोड़ के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जिले के जलेसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घट
ना उस समय हुई जब बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय मुन्नालाल पुत्र शिवराज निवासी चंडप्पा थाना क्षेत्र, जनपद हाथरस की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मुन्नालाल अपनी 50 वर्षीय पत्नी मीरा देवी और 20 वर्षीय बेटे रंजीत के साथ जलेसर से सादाबाद स्थित अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वे खेरिया मोड़ के पास पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जलेसर थाना पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मुन्नालाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी मीरा देवी और बेटे रंजीत को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया है। फिलहाल मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












