“बेमेतरा पुलिस का मेगा रेस्क्यू ऑपरेशन: ‘मुस्कान-तलाश’ में 61 जिंदगियां ढूंढकर परिवारों में लौटाई खुशियां”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, बेमेतरा जिले में कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए बेमेतरा पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” और “ऑपरेशन तलाश” के तहत बड़ा अभियान चलाकर 61 लापता लोगों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर इस अभियान की प्रगति पर कड़ी नजर रखी और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि गुम, अपहृत एवं लापता व्यक्तियों की खोज केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता का विषय है। उन्होंने थाना एवं चौकी प्रभारियों को हर मामले में गंभीरता और मानवता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अप्रैल माह में गठित विशेष टीमों ने प्रभावी रणनीति अपनाते हुए 19 गुम/अपहृत बालक-बालिकाओं और 42 महिला-पुरुषों को न सिर्फ खोज निकाला, बल्कि उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाकर घरों में खुशियों की वापसी सुनिश्चित की। इस उपलब्धि ने पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता को साबित किया है। बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।












