“गांव-गांव जागरूकता का बिगुल: चंदनू थाने में कोटवारों की महाबैठक, बाल विवाह से साइबर क्राइम तक सख्त संदेश”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, जिले में जनजागरूकता और कानून पालन को मजबूत करने की दिशा में बेमेतरा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में थाना चंदनू परिसर में ग्राम कोटवारों की अहम बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी ने बैठक का नेतृत्व करते हुए बाल विवाह रोकथाम, नेशनल लोक अदालत (09 मई 2026) और सुशासन तिहार 2026 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। बैठक में कोटवारों को बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक अपराध है, जिसे रोकने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। साथ ही जन शिकायतों के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति अभियान और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्त संदेश दिया। युवाओं को नशे से दूर रखने और हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से गांव स्तर पर कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। बैठक में पुलिस स्टाफ एवं ग्राम कोटवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












