कदौरा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
बीडीओ प्रतिभा शाल्या एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कालपी/जालौन। कदौरा में मंगलवार को विजिलेंस झांसी की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रतिभा शाल्या को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सरकारी आवास पर बिछाए गए जाल में अधिकारी मौके पर ही पकड़ी गईं। सूत्रों के मुताबिक, एक ठेकेदार ने बीडीओ पर रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद कई दिनों से विजिलेंस टीम बीडीओ की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। मंगलवार को जैसे ही बीडीओ ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, विजिलेंस टीम ने तुरंत उन्हें दबोच लिया। इसके बाद अधिकारी को मौके पर ही हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। टीम ने बीडीओ के मोबाइल फोन, दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रमाण भी कब्जे में ले लिए हैं। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कदौरा ब्लॉक में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई, कई लोग मौके से दूरी बनाते नजर आए। विजिलेंस टीम अब इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
जिले के उच्च अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट भेज दी गई है और आगे और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने विजिलेंस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई से जनता का भरोसा बढ़ता है।












