एटा में मिसाल बने ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी, स्कूल निरीक्षण से बढ़ी उम्मीदें
संवाददाता – योगेंद्र सिंह: एटा शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी इन दिनों अपनी सक्रिय कार्यशैली को लेकर सुर्खियों में हैं। स्थानीय जनमानस का कहना है कि जो काम जिले के डीएम, विधायक और सांसद तक नहीं कर पा रहे, उसे ब्लॉक प्रमुख ने कर दिखाया है।
एटा जिले में अब तक कई जिलाधिकारी, सांसद और विधायक कार्यरत रहे, लेकिन प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण शायद ही किसी जनप्रतिनिधि या अफसर ने किया हो। वहीं, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी ने पहल करते हुए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण शुरू किया है।
इसी क्रम में उन्होंने शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कुठिला लायकपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण सामग्री की उपलब्धता का भी जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एटा में जिलाधिकारी प्रेम रंजन को कार्यभार संभाले दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी सरकारी विभाग में औचक निरीक्षण देखने को नहीं मिला है। ऐसे में ब्लॉक प्रमुख द्वारा उठाया गया यह कदम निश्चित ही काबिले-तारीफ है।
ब्लॉक प्रमुख की कार्यशैली को लेकर क्षेत्रीय जनता में सकारात्मक चर्चा हो रही है। लोगों का मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि और अधिकारी इसी तरह सक्रिय होकर काम करें तो शिक्षा समेत अन्य विभागों की स्थिति में भी बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में ड्रोन देखे जाने की सूचना, पुलिस ने की जांच












