बच्चों के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फरसा-कुल्हाड़ी से हमला, हवाई फायरिंग का आरोप
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
दोनों पक्ष से 11 घायल, 5 मेडिकल कॉलेज रेफर6 वर्षीय बच्ची प्रयागराज आईसीयू में भर्ती
कंधई इलाके के देहरी दीगर गांव में शुक्रवार शाम बच्चों की कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। फरसा, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हुए हमले में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए। हवाई फायरिंग का भी आरोप है। पांच गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एक 6 वर्षीय बच्ची प्रयागराज में आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
गांव के शंभू नाथ यादव व गया प्रसाद यादव के घर के बच्चे शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बाग में मवेशी चरा रहे थे। दोनों पक्षों के बच्चों में कहासुनी हो गई। रात करीब 8 बजे बच्चे घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। उलाहना देने के दौरान ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
शंभू यादव पक्ष का आरोप है कि गया प्रसाद पक्ष की तरफ से एक दर्जन से अधिक लोग फरसा, कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे लेकर आ धमके और हमला कर दिया। तीन राउंड हवाई फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास भी किया गया।
मारपीट में दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाबा बेलखरनाथ धाम ले जाया गया।
पहले पक्ष के श्रीराम यादव 41 वर्ष, शिवराम यादव 32 वर्ष, हरिराम यादव 42 वर्ष, शिव शंकर यादव 33 वर्ष, मीनू यादव 18 वर्ष, शंभू यादव 80 वर्ष।
दूसरे पक्ष से अमान्या 6 वर्ष, रेनू यादव 26 वर्ष, रोहित यादव 20 वर्ष, उर्मिला देवी 40 वर्ष, मंजू यादव 36 वर्ष।
अमान्या का सिर फटने से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज रेफर किया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। वहीं श्रीराम यादव, शिवराम यादव, शिव शंकर यादव व मीनू यादव को भी गंभीर हालत में सीएचसी बेलखरनाथ से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
सूचना पर कंधई पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी घायल अस्पताल जा चुके थे। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष कंधई आदित्य सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।












