जीजा ने साले को लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ के कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पारिवारिक विवाद में जीजा ने अपने साले को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव पुत्र गया प्रसाद यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कपिल यादव निवासी खानापुर, थाना पीपरपुर, अमेठी मृतक का सगा जीजा है। कपिल यादव पूर्व सैनिक है और वर्तमान में जिला अस्पताल सुल्तानपुर में गार्ड के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार कपिल यादव का पत्नी प्रियंका से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के चलते 17 अगस्त को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका को अपने घर ले आए थे। आरोप है कि इसी बात से नाराज कपिल मंगलवार को मदाफरपुर बाजार पहुंचा और देवेन्द्र को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
गोली लगने से देवेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
आरोपी को पकड़कर लोगों ने की पिटाई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पहुंची कोहंडौर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल के संबंध में भी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












