शहर की सुरक्षा को मिलेगा हाईटेक कवच, 400 आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगेंगे: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया।
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल पानीपत हरियाणा।
अपराध पर लगेगी लगाम, हर कोने पर रहेगी प्रशासन की नजर: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह स्मार्ट सर्विलांस से सुरक्षित बनेगा पानीपत, टेंडर प्रक्रिया जल्द पांच साल की वारंटी वाले कैमरों से बढ़ेगा भरोसा, जनता को राहत
पानीपत, 23 अप्रैल। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। गुरुवार को उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने उपायुक्त कार्यालय में बीएसएनएल के तकनीकी विभाग, विभिन्न कंपनियों के आपूर्तिकर्ताओं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में पूरे शहर में महंगे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि शहर के अलग-अलग संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर करीब 400 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा, जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी। उपायुक्त ने कहा बताया कि कैमरों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कैमरे उच्च गुणवत्ता के होंगे, जिन पर पांच साल की वारंटी भी दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि इस परियोजना के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और प्रतिष्ठित कंपनियों को इसमें शामिल किया जाएगा। कैमरों का चयन इस तरह किया जाएगा कि उनकी जूम क्षमता बेहतर हो, जिससे दूर तक की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके। उपायुक्त डॉ.विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे केवल निगरानी का साधन नहीं हैं, बल्कि यह शहर की सुरक्षा व्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बनेंगे। इन कैमरों के माध्यम से अपराधों की रोकथाम में काफी मदद मिलेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी और पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा, ट्रैफिक मैनेजमेंट में भी यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित होगी। हमारा उद्देश्य है कि पानीपत को एक सुरक्षित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जाए, जहां नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें। उपायुक्त ने कहा कि कैमरों की मौजूदगी से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही, किसी घटना के बाद साक्ष्य जुटाने में भी यह तकनीक बेहद कारगर साबित होगी। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बिना आज के समय में प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है। सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए ‘आंख और कान’ की तरह काम करेंगे। इससे अपराधियों की पहचान आसान होगी और घटनाओं का त्वरित विश्लेषण किया जा सकेगा। शहर में लगने वाले ये कैमरे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद करेंगे, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और आपात स्थितियों में भी अहम भूमिका निभाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कैमरों से मिलने वाला डेटा पुलिस के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा और इससे जांच प्रक्रिया तेज और सटीक बनेगी। हमारा लक्ष्य है कि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए और इस दिशा में यह पहल एक बड़ा कदम साबित होगी। विदित रहे कि प्रशासन की इस पहल से शहरवासियों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढऩे की उम्मीद है। आने वाले समय में यह परियोजना पानीपत को एक आधुनिक और सुरक्षित शहर के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।












