गीता महोत्सव प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब: स्वदेशी, संस्कृति और नवाचार का भव्य संगम
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 29 नवंबर। आर्य महाविद्यालय के खेल परिसर में आयोजित गीता महोत्सव प्रदर्शनी शुक्रवार को भव्यता और उत्साह के साथ शुरू हुई। शहर के विधायक प्रमोद विज ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर आयु वर्ग के लोगों ने अलग–अलग विभागों और संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टालों पर पहुंचकर नवाचार और संस्कृति का अद्भुत संगम देखा। विधायक प्रमोद विज ने सभी स्टालों का अवलोकन किया और प्रदर्शनी को समाज के लिए प्रेरणादायक करार देते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि संस्कृति, नवाचार और स्वदेशी आत्मनिर्भरता का जीवंत संदेश हैं।” उनके साथ एसडीएम मनदीप कुमार, डीईओ राकेश बूरा, डीपीआरओ डॉ. सुनील बसताडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि “स्वदेशी केवल विकल्प नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। स्थानीय उत्पाद हमारी संस्कृति की खुशबू और कारीगरों की मेहनत का सम्मान हैं।”
विभागीय स्टालों ने खींचा सबका ध्यान
प्रदर्शनी में लगे विभागीय स्टाल अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों के सामने प्रस्तुत करने में सफल रहे—
कृषि विभाग के स्टाल पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरविंद, दीपक और नेहा ने आधुनिक खेती तकनीक और लाभकारी फसलों की विस्तार से जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक के स्टाल पर एल.डी.एम. राजकुमार ने डिजिटल फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित लेनदेन और केवाईसी की अनिवार्यता के बारे में उपयोगी जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की भावना ने 108 तरह की बूटियों से बने उत्पादों और उनकी बढ़ती बाजार मांग के बारे में बताया। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पूनम ने धूप- अगरबत्ती निर्माण और स्वरोजगार में इसकी भूमिका पर व्यावहारिक जानकारी दी। आयुष विभाग की ओपीडी सुविधा विशेष आकर्षण रही, जहाँ 20 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की हिमांशी ने श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए वर्दी, किताबों और सांस्कृतिक प्रतिभा विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
समाज सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े स्टाल रहे खास
रैडक्रॉस समिति के हरमेश और उनकी टीम ने समाज सेवा के कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों पर जानकारी साझा की। ऋषिकुलम के स्टाल पर मोनिका ने योग, प्राकृतिक चिकित्सा और बिना दवा के उपचार से जुड़े विषयों पर लोगों को मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग तथा वन विभाग के स्टाल भी खूब आकर्षण का केंद्र बने। वन विभाग द्वारा लोगों को विभिन्न किस्मों के पौधे भी उपलब्ध करवाए गए, जिन्हें लोगों ने उत्साहपूर्वक लिया।
स्वदेशी उत्पादों की रही जबरदस्त धूम
प्रदर्शनी में स्वदेशी उत्पादों की खास चमक देखने को मिली। लोगों ने स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए सामानों की जमकर खरीदारी की। प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि समाज अब स्वदेशी की ओर दृढ़ता से कदम बढ़ा रहा है।
गीता महोत्सव प्रदर्शनी ने संस्कृति, स्वदेशी, नवाचार और जनजागरूकता को एक ही मंच पर लाकर पानीपत में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल बनाया।












