संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, गांव में मचा हड़कंप
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव महानमई में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है, जहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके ही घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ब्रजकिशोर उर्फ बिन्नी (उम्र करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही जलेसर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।












