ड्यूटी से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
संवाददाता : आदित्य द्विवेदी, ऊंचाहार
मोहनलालगंज में ड्यूटी से वापस घर लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम थाना क्षेत्र की कनकहा चौकी अंतर्गत फतेहखेड़ा गांव के पास युवक अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कई अज्ञात लोगों ने युवक को रोक लिया और उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि हमलावर युवक की जान लेने की नीयत से आए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।












