एटा कलेक्ट्रेट में ठगी पीड़ितों का प्रदर्शन: चिटफंड कंपनियों में फंसी रकम वापस दिलाने की मांग तेज
संवाददाता: पुष्पेंद्र कुमार
एटा। जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर सोमवार को सैकड़ों की संख्या में ठगी पीड़ित परिवारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चिटफंड कंपनियों में फंसी अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग उठाई और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बड्स एक्ट (BUDS Act) लागू होने के बावजूद उसका प्रभावी पालन नहीं हो रहा है, जिसके चलते लाखों परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्ल्स, कल्पतरु और सहारा जैसी चिटफंड कंपनियों में लोगों की करोड़ों रुपये की जमा पूंजी फंसी हुई है, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि कानून बनने के बाद भी यदि उसका सही तरीके से अनुपालन नहीं होता, तो उसका कोई फायदा नहीं रह जाता। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि बड्स एक्ट का सख्ती से पालन कराया जाए और ठगी के शिकार लोगों को जल्द से जल्द उनका पैसा वापस दिलाया जाए। संगठन के पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सैकड़ों पीड़ित परिवार कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल कराएं, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और उनकी डूबी हुई पूंजी वापस मिल सके।












