इसराना-मडलौडा में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, सीईओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 10 दिसंबर। इसराना विधानसभा क्षेत्र के खण्ड इसराना और मडलौडा में विकास कार्यों की गति को तेज करने के उद्देश्य से जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह की अध्यक्षता में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के उपमंडल अभियंता और दोनों खंडों के कनिष्ठ अभियंताओं को विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीईओ डॉ. किरण सिंह ने कहा कि जिन परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, उन्हें शीघ्रातिशीघ्र पूरा करवाया जाए। वहीं जो कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के आदेश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन विकास योजनाओं के तकनीकी अनुमान/प्राक्कलन ई-साक्षी पोर्टल पर अभी तक अपलोड नहीं किए गए हैं, उन्हें भी अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के इंचार्ज को निर्देश दिए गए कि सांसद द्वारा अनुमोदित सभी विकास कार्यों की तुरंत प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त की जाए और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पंचायती राज विभाग के इसराना व मडलौडा के उपमंडल अभियंता, दोनों खंडों के कनिष्ठ अभियंता तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।












