भक्त माता कर्मा महोत्सव श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक एकता के साथ संपन्न, समाजजनों की रही उल्लेखनीय सहभागिता
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। ग्राम टेमरी, तहसील नवागढ़, जिला बेमेतरा में आयोजित भक्त माता कर्मा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक सौहार्द के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई। इसके पश्चात अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारद साहू, अध्यक्ष जिला साहू संघ बेमेतरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता कर्मा का जीवन त्याग, सेवा, भक्ति और समाजहित की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज की एकजुटता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकुमार साहू, कोषाध्यक्ष जिला साहू संघ बेमेतरा ने की। विशिष्ट अतिथि उमेश्वरी साहू (संगठन मंत्री), श्रीमती जया साहू (संगठन मंत्री), श्री अखिलेश साहू (परिक्षेत्रीय अध्यक्ष), रामेश्वर साहू (परिक्षेत्रीय अध्यक्ष) एवं मनोज साहू (संचालक) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समिति एवं समस्त साहू समाज, ग्राम टेमरी ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।












