साईं इंकलेव में डेढ़ साल से गंदा व बदबूदार पानी, लोग मिनरल वाटर खरीदने को मजबूर

साईं इंकलेव में डेढ़ साल से गंदा व बदबूदार पानी, लोग मिनरल वाटर खरीदने को मजबूर

जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा

पानीपत | 19 दिसंबर 2025

शहर के पाश इलाके सेक्टर 11-12 स्थित साईं बाबा चौक के समीप साईं इंकलेव कॉलोनी में बीते लगभग डेढ़ वर्ष से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कॉलोनी के घरों में आ रहा पानी इतना गंदा और बदबूदार है कि उसे पीना तो दूर, रोजमर्रा के इस्तेमाल में भी लाना मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि मजबूरन लोगों को बिसलेरी व अन्य मिनरल वाटर की बोतलें खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों की इस गंभीर समस्या को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट धर्मपाल गुप्ता साईं इंकलेव पहुंचे और लोगों से सीधा संवाद कर उनकी पीड़ा सुनी। कॉलोनीवासियों ने बताया कि नगर निगम व संबंधित विभागों को कई बार शिकायतें दी गईं। अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया गया, लेकिन आज तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि गंदे पानी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। पेट संबंधी बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए धर्मपाल गुप्ता ने प्रशासन और सत्ताधारी व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन पानीपत की जमीनी हकीकत यह है कि बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। गंदा और बदबूदार पानी लोगों को पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो आम जनता के जीवन और स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।उन्होंने कहा कि पानी जीवन का आधार है और इस मूलभूत सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को प्रशासन और उच्च अधिकारियों के समक्ष पूरी मजबूती से उठाएंगे और जल्द से जल्द स्थायी समाधान करवाने का प्रयास करेंगे। वहीं, स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र इस समस्या का समाधान नहीं किया तो वे मजबूरी में अपने निजी खर्च से पीने के पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने को विवश होंगे। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरी नाराजगी जताई। गौरतलब है कि कुछ माह पहले जब निवासियों द्वारा संबंधित विभाग में शिकायत दी गई थी, तब विभागीय कर्मियों ने नाले की स्लैब हटाकर पीने के पानी की पाइपलाइन की लीकेज जांच का अधूरा काम किया था। बाद में हटाई गई स्लैब को भी निवासियों ने अपने खर्च से नाले पर वापस रखवाकर ठीक करवाया।

इस अवसर पर मोहल्ले के सभी निवासी मौजूद रहे और एकजुट होकर स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल की मांग उठाई। लोगों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन जागेगा और साईं इंकलेव के निवासियों को जल्द राहत मिलेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें