एटा शहर जाम से बेहाल: अलीगंज मंडी से दीनदयाल चौक तक ठप कारोबार, प्रशासन के प्रयास नाकाफी।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम ने बाजार और कारोबार की रफ्तार रोक दी है। अलीगंज मंडी समिति से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक तक जाम की भयावह स्थिति बनी रहती है। इससे दुकानदारों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और यातायात विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।‘बोले एटा’ अभियान के तहत व्यापारियों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि जीटी रोड, अलीगंज रोड, ठंडी सड़क, पटियाली गेट, नन्नूमल चौराहा, आगरा रोड और शिकोहाबाद रोड पर घंटों जाम लगना आम बात हो गई है। इससे बाजारों में ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं और कारोबार ठप हो गया है। मुख्य कारण: अतिक्रमण और अव्यवस्थित ट्रैफिक अलीगंज रोड व जीटी रोड पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के बाहर सैकड़ों ट्रैक्टर और बड़े वाहनों के कारण लंबे जाम लगते हैं। प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों वाहन मंडी में पहुंचते हैं, जिससे शहर के मुख्य मार्ग जाम की चपेट में आ जाते हैं। नगर पालिका परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल खानापूर्ति बनकर रह गई है। सड़क किनारे ठेले, फड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को निकलने तक की जगह नहीं मिलती।
व्यापारियों की राय:
अमन जैन ने कहा कि पालिका अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिकता निभा रही है। संजीव जैन के अनुसार सड़कों पर राहगीरों के निकलने तक की जगह नहीं बचती। विनय जैन ने बताया कि फड़-ठेले और संकरी सड़कों के कारण बाजारों में जाम की स्थिति रहती है। मनोज जैन ने कहा कि जीटी रोड पर जाम से पूरा शहर ठप हो जाता है, जिसे खुलने में घंटों लग जाते हैं। गोपाल वार्ष्णेय ने सुझाव दिया कि त्योहारों पर लोगों को भीड़भाड़ वाले बाजार में वाहन लेकर जाने से बचना चाहिए।
स्कूली समय पर जाम चरम पर
सुबह स्कूल जाने और छुट्टी के समय स्कूली बसों की भीड़ से मार्ग जाम हो जाते हैं। छोटे बच्चे जाम में फंसे रहते हैं जबकि स्कूल वाहन चालकों द्वारा सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन रोकना स्थिति को और बिगाड़ देता है।
प्रशासन पर उठे सवाल
शहरवासी और व्यापारी दोनों ही पुलिस-प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक अतिक्रमण पर सख्ती नहीं होगी और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित नहीं किया जाएगा, तब तक जाम की समस्या से राहत मिलना मुश्किल है।
लोगों की मांग:
अलीगंज मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक रूट डायवर्जन, ठेले-फड़ हटाने, पार्किंग जोन निर्धारित करने और स्कूली बसों के लिए अलग लेन की व्यवस्था जल्द की जाए ताकि एटा की सड़कों पर सामान्य आवागमन बहाल हो सके।












