एटा – जनसुनवाई/आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल जनसुनवाई/आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। यह बैठक जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) लालता प्रसाद शाक्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल को अवश्य खोलें, शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता से संवाद करें और गुणवत्तापरक आख्या समय से पोर्टल पर अपलोड करें।
अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि निस्तारण में लापरवाही या अंतिम तिथि तक प्रतीक्षा की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का समय से पूर्व निस्तारण कर शिकायतकर्ता को भी सूचित किया जाए, ताकि पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लंबित प्रकरणों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए। उन्होंने शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय, विकास खंड स्तरीय, थाना एवं नगर निकाय स्तरीय अधिकारी अपने-अपने ऑपरेटरों के साथ मौजूद रहे। एडीएम ने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: वांछित अपराधी पर ₹1 लाख का इनाम घोषित












