महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब, 26 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी
संवाददाता बिपिन मिश्रा
प्रयागराज / उत्तर प्रदेश धर्म और आस्था की नगरी प्रयागराज में आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर माघ मेले का अंतिम और प्रमुख स्नान पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड और सुबह की धुंध के बावजूद, त्रिवेणी संगम के तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दोपहर 12 बजे तक लगभग 26 लाख श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में डुबकी लगा चुके हैं। प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और शाम तक यह आंकड़ा काफी ऊपर जाने की उम्मीद है।
भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें मुस्तैद हैं।
माघ मेले का औपचारिक समापन
आज महाशिवरात्रि के इस पावन स्नान के साथ ही उत्तर भारत के प्रसिद्ध माघ मेले का औपचारिक समापन हो जाएगा।
हर-हर महादेव और जय गंगे के उद्घोष से पूरा मेला क्षेत्र गुंजायमान है। कल्पवासियों ने भी अपने अटूट संकल्प को पूरा कर आज विदाई लेने की तैयारी शुरू कर दी है।












